Raipur Student Death: दोस्त के कमरे में मिली MBBS छात्र की लाश… जांच में जुटी पुलिस

Raipur Student Death: दोस्त के कमरे में मिली MBBS छात्र की लाश… जांच में जुटी पुलिस

रायपुर, 12 सितम्बर। Raipur Student Death: राजधानी रायपुर के बालाजी मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में 21 वर्षीय MBBS छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। छात्र का शव उसके दोस्त के कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान विनायक सैनी के रूप में हुई है, जो राजस्थान के अजमेर का रहने वाला था और बालाजी मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार को ही घर से लौटकर हॉस्टल पहुंचा था।

विनायक हॉस्टल की चौथी मंजिल पर रहता था, लेकिन घटना के समय वह तीसरी मंजिल पर स्थित अपने दोस्त के कमरे में था। बताया गया कि उसका दोस्त खाना खाने बाहर गया था। वापस लौटने पर उसने विनायक को कमरे में बेड पर पाया। इसके बाद अन्य छात्रों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की सूचना मिलने पर पंडरी पुलिस हॉस्टल पहुंची और कमरे की तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक, कमरे से कुछ संदिग्ध दवाएं और इंजेक्शन मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन चीजों की जांच कर रही है कि उनका घटना से कोई संबंध था या नहीं।

फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Breaking News