मुंबई, 21 नवम्बर। ShahRukh Khan: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा को पहचान दिलाई है। दुनिया की प्रतिष्ठित एंटरटेनमेंट मैगजीन Variety की ‘100 Greatest Movie Stars of All Time’ सूची में शाहरुख खान को 92वां स्थान मिला है। खास बात यह है कि इस सूची में जगह बनाने वाले वह इकलौते भारतीय अभिनेता हैं।
इस उपलब्धि के साथ शाहरुख खान ने अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के कई चर्चित सितारों के साथ जगह बनाई है। सूची में उन्होंने जोकिन फीनिक्स, एमा स्टोन, एडी मर्फी, जेंडाया और सिल्वेस्टर स्टेलोन जैसे हॉलीवुड कलाकारों से ऊपर स्थान हासिल किया है।
मर्लिन मुनरो सूची में पहले नंबर पर
Variety की इस सूची में हॉलीवुड अभिनेत्री मर्लिन मुनरो को पहला स्थान दिया गया है। वहीं हम्फ्री बोगार्ट दूसरे और चार्ली चैपलिन तीसरे स्थान पर हैं। जैक निकोलसन चौथे, कैथरीन हेपबर्न पांचवें और टॉम क्रूज आठवें नंबर पर हैं।
‘देवदास’ बनी शाहरुख की प्रतिनिधि फिल्म
मैगजीन ने शाहरुख खान के लंबे फिल्मी करियर और 90 से अधिक फिल्मों में उनके योगदान का जिक्र किया है। उनकी प्रतिनिधि फिल्म के रूप में साल 2002 में रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘देवदास’ को चुना गया है। इस फिल्म में शाहरुख के साथ ऐश्वर्या राय बच्चन और माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिकाओं में नजर आई थीं।
शाहरुख खान ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी। साल 1992 में फिल्म ‘दीवाना’ से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘चक दे! इंडिया’, ‘माई नेम इज खान’, ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों ने उन्हें दुनियाभर में पहचान दिलाई।
अब शाहरुख खान अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी।


