UP News: CM योगी का बड़ा ऐलान… PRD जवानों का भत्ता ₹600 हुआ

UP News: CM योगी का बड़ा ऐलान… PRD जवानों का भत्ता ₹600 हुआ

गोरखपुर, 18 अगस्त। UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को बड़ी सौगात दी। गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की। इसके साथ ही पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों के लिए हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू की गई।

मुख्यमंत्री ने योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित कर ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ किया। साथ ही लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।

चौथी बार बढ़ाया गया ड्यूटी भत्ता

सीएम योगी ने कहा कि 1948 में पीआरडी के गठन के बाद लंबे समय तक स्वयंसेवकों को सीमित दैनिक भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे 250 से बढ़ाकर 375 रुपये, 2022 में 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये प्रतिदिन किया गया था। अब एक बार फिर इसमें बढ़ोतरी करते हुए 600 रुपये प्रतिदिन करने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 75 वर्षों में जहां पीआरडी जवानों का भत्ता 250 रुपये तक ही पहुंच पाया था, वहीं पिछले कुछ वर्षों में इसे 600 रुपये तक किया जा रहा है।

31 हजार से ज्यादा जवानों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री के मुताबिक, कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों को सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में हर साल 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। परिवारों को शामिल करने पर इस योजना से 1.55 लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।

कानून व्यवस्था से लेकर आपदा तक निभाते हैं जिम्मेदारी

सीएम योगी ने पीआरडी जवानों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन के सहयोग से पीआरडी स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आपदा प्रबंधन, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, यातायात व्यवस्था और चुनाव ड्यूटी समेत कई महत्वपूर्ण कार्यों में जवान अपनी सेवाएं देते हैं।

उन्होंने कहा कि 2017 से पहले पीआरडी जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी, जबकि अब उनकी उपयोगिता बढ़ने के कारण ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ रहे हैं।

पीआरडी का बजट 543 करोड़ रुपये हुआ

सम्मेलन में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि पीआरडी जवान शांति, सुरक्षा और जनसेवा के मजबूत आधार हैं। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले पीआरडी का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो चुका है।

10 स्वयंसेवकों को मिले कैशलेस कार्ड

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मो. शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।

National