Uttarakhand News: भारी बारिश और भूस्खलन के चलते आज भी चारधाम यात्रा स्थगित

Uttarakhand News: भारी बारिश और भूस्खलन के चलते आज भी चारधाम यात्रा स्थगित

उत्तराखंड, 29 जुलाई। Uttarakhand News: प्रदेश में भारी बारिश, भूस्खलन और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंगलवार और बुधवार को यात्रा पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। मौसम सामान्य होने पर 30 जुलाई से यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।

मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप के निर्देश के बाद यह फैसला लिया गया। इसके तहत बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब की यात्रा दो दिन के लिए स्थगित रहेगी। हालांकि, मंगलवार सुबह 10 बजे सोनप्रयाग से करीब 1600 श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम के लिए रवाना किया गया।

लगातार हो रही बारिश के कारण कई यात्रा मार्ग प्रभावित हुए हैं। जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर के समीप नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 25 से 30 मीटर हिस्सा दो से ढाई मीटर तक धंस गया है। सुरक्षा के मद्देनजर इस हिस्से से यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।

इसके अलावा पालीगाड़, सिलाई बैण्ड, झझर गाड़, जंगलचट्टी, दुर्बिल और बढ़िया क्षेत्र में मलबा और पत्थर गिरने से यातायात भी बाधित रहा। प्रशासन लगातार प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है।

मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए यात्रा को 29 जुलाई तक स्थगित किया गया है। मौसम सामान्य होने पर 30 जुलाई से यात्रा पुनः शुरू की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

National मौसम