Yadav Samaj Sammelan: यादव समाज के महासम्मेलन में CM साय का बड़ा ऐलान… सामाजिक भवन के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा

Yadav Samaj Sammelan: यादव समाज के महासम्मेलन में CM साय का बड़ा ऐलान… सामाजिक भवन के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा

रायपुर, 20 जुलाई| Yadav Samaj Sammelan: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के ग्राम बरौदा में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बरौदा में नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया और रायपुर में समाज के एक अन्य सामाजिक भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने यादव समाज को भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और गौ-सेवा की समृद्ध परंपरा का वाहक बताया। उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव होता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने ढाई वर्षों में अपनी अधिकांश गारंटियों को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी देने का निर्णय लिया गया, जिसमें विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTG) के लिए 32 हजार आवास शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में हर महीने एक हजार रुपये भेजकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है।

सुशासन और सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद का प्रभाव कम हो रहा है और वहां शांति व विकास का नया दौर शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा कि नागरिक सेवाओं को आसान बनाने के लिए प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और पंचायतों में ‘अटल डिजिटल सेवा केंद्र’ के माध्यम से लोगों को विभिन्न सेवाएं और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, रामकुमार यादव, छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, भगत सिंह यादव, आशा संतोष यादव सहित प्रदेशभर से आए समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

राज्य खबर