रायपुर, 19 नवम्बर। Cyclone Update: चक्रवात अकवान के संभावित प्रभाव को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर कई अहम फैसले लिए हैं। ईस्ट कोस्ट रेलवे (ECoR) ने 18 से 20 नवंबर के बीच चलने वाली 23 ट्रेनों के परिचालन समय में बदलाव किया है। प्रभावित ट्रेनों में वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से आठ घंटे तक देरी से रवाना किया जाएगा।
8 घंटे तक देरी से चलेंगी ट्रेनें
रेलवे के मुताबिक, 19 नवंबर को हावड़ा-तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस (12663) और एसएमवीटी बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (15227) आठ घंटे की देरी से रवाना होंगी। वहीं, चार्लापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18046) और जूनागढ़ रोड-भुवनेश्वर एक्सप्रेस (20838) सात घंटे की देरी से चलेंगी।
इसके अलावा विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुद एक्सप्रेस (20807) 20 नवंबर को साढ़े पांच घंटे देरी से रवाना होगी। जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस (18448) और पलासा-कटक मेमू (68446) भी क्रमशः 19 और 20 नवंबर को पांच घंटे की देरी से चलेंगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव
चक्रवात के संभावित असर को देखते हुए भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस (20841) के समय में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन 20 नवंबर को साढ़े तीन घंटे की देरी से रवाना होगी। इसी दिन भुवनेश्वर-बेंगलुरु प्रशांति एक्सप्रेस (18463) और गुणुपुर-कटक मेमू (68434) भी साढ़े तीन घंटे देरी से चलेंगी।
इन ट्रेनों के समय में भी हुआ बदलाव
19 नवंबर को हावड़ा-एसएमवीटी बेंगलुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12863) और शालीमार-वास्को डी गामा अमरावती एक्सप्रेस (18047) तीन घंटे की देरी से रवाना होंगी। वहीं, हावड़ा-चेन्नई मेल (12839) और एसएमवीटी बेंगलुरु-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12246) ढाई घंटे रीशेड्यूल की गई हैं।
इसके अलावा राउरकेला-गुणुपुर राज्यरानी एक्सप्रेस (18117), पटना-एर्नाकुलम सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22644) और सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) 19 नवंबर को दो घंटे की देरी से चलेंगी।
20 नवंबर को भुवनेश्वर न्यू-विशाखापत्तनम इंटरसिटी एक्सप्रेस (22819) और पलासा-भुवनेश्वर मेमू (68420) दो घंटे देरी से रवाना होंगी। वहीं, सिलचर-चार्लापल्ली एक्सप्रेस (15646) को 18 नवंबर और शालीमार-चार्लापल्ली स्पेशल (08045) को 20 नवंबर को एक घंटे रीशेड्यूल किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
ईस्ट कोस्ट रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का संशोधित समय जरूर जांच लें। चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए यह बदलाव यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए किए गए हैं।


