झारखंड, 19 नवम्बर। Jharkhand News: चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में स्थित NTPC की एक्सटर्नल CHP परियोजना में बड़ा हादसा हो गया। परियोजना परिसर में टेकअप ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर का अस्पताल में इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा परियोजना के कोल कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर-1 पर हुआ। यहां निर्माण कार्य सिम्पलेक्स कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था। इसी दौरान टेकअप ट्रॉली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से मौके पर ही तीन मजदूरों की मौत हो गई।
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने हादसे में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जिला प्रशासन को घायल मजदूर का समुचित इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।


