रायपुर, 19 नवम्बर। CG Breaking News: छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक और जोहार छत्तीसगढ़िया पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित बघेल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने हेट स्पीच से जुड़े 14 आपराधिक मामलों में उन्हें नियमित जमानत दे दी। इसके साथ ही रायपुर जिले से बाहर रहने पर लगी पाबंदी भी हटा दी गई है।
दरअसल, ये सभी मामले VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा में तोड़फोड़ की घटना के बाद अमित बघेल की ओर से दिए गए कथित विवादित बयान से जुड़े हैं।
इससे पहले बिलासपुर हाईकोर्ट ने 9 अप्रैल 2026 को इन मामलों में नियमित जमानत देने से इनकार करते हुए तीन महीने की अस्थायी राहत दी थी। हालांकि, बलौदाबाजार आगजनी कांड से जुड़े अन्य मामलों में जेल में बंद होने के कारण उन्हें 22 जुलाई को रिहाई मिली थी। उनकी अस्थायी जमानत की अवधि 22 अक्टूबर को समाप्त हो गई थी।
इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 28 अक्टूबर को उन्हें दो सप्ताह के भीतर सभी 14 मामलों में आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया था। आदेश के पालन में अमित बघेल ने 11 नवंबर को सरेंडर कर दिया था।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि अमित बघेल सात महीने से अधिक समय न्यायिक हिरासत में बिता चुके हैं, जबकि संबंधित अपराधों में अधिकतम तीन साल की सजा का प्रावधान है।
वहीं, राज्य सरकार ने जमानत का विरोध करते हुए उनके खिलाफ दर्ज 19 अन्य आपराधिक मामलों का हवाला दिया। सरकार ने यह भी दलील दी कि अस्थायी जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद उन्होंने तत्काल सरेंडर नहीं किया था।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने 14 मामलों में नियमित जमानत मंजूर कर दी। साथ ही रायपुर जिले से बाहर रहने की पाबंदी भी हटा दी।


