CG Job Fraud: रूस में फंसे छत्तीसगढ़ के दो युवक… नौकरी का झांसा देकर बुलाया

CG Job Fraud: रूस में फंसे छत्तीसगढ़ के दो युवक… नौकरी का झांसा देकर बुलाया

रायपुर, 20 नवम्बर। CG Job Fraud: अच्छे भविष्य और मोटी कमाई की उम्मीद लेकर रूस गए छत्तीसगढ़ के दो युवकों के परिवार अब उनकी सुरक्षित वापसी के लिए परेशान हैं। परिजनों का आरोप है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर एजेंटों ने दोनों युवकों को रूस बुलाया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर ड्रग्स के झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

रूस में फंसे युवकों की पहचान रायपुर के गुढ़ियारी निवासी टिकेश्वर साहू और बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे के रूप में हुई है। दोनों युवकों ने फोन और वीडियो संदेश के जरिए अपने परिवारों को वहां के हालात की जानकारी दी है। इसके बाद से परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

टेलीग्राम पर मिला था नौकरी का ऑफर

परिजनों के मुताबिक, दोनों युवकों को टेलीग्राम एप के जरिए रूस में नौकरी का प्रस्ताव मिला था। एजेंटों ने उन्हें अच्छी सैलरी देने का भरोसा दिलाया था। साथ ही आने-जाने का हवाई टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था करने की बात भी कही थी। बेहतर रोजगार और कमाई की उम्मीद में दोनों युवक रूस चले गए।

हालांकि, रूस पहुंचने के बाद हालात बदल गए। परिवारों का आरोप है कि वहां युवकों पर रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। इसके लिए उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं। परिजनों का कहना है कि विरोध करने पर दोनों को ड्रग्स के झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

विदेश मंत्रालय से लगाई मदद की गुहार

घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों युवकों के परिवारों ने प्रशासन, केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मदद मांगी है। परिजनों ने भारतीय दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उनकी मांग है कि दोनों युवकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उन्हें जल्द से जल्द सकुशल भारत वापस लाया जाए।

क्राइम न्यूज