चेन्नई, 19 नवम्बर। TVK MLA VS Babu Death: तमिलनाडु की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। तमिलागा वेट्ट्री कज़गम (TVK) के वरिष्ठ नेता और कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीएस बाबू का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को दोपहर 2:24 बजे चेन्नई के MGM Healthcare अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, वीएस बाबू लंबे समय से सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें 9 सितंबर 2026 को MGM Healthcare अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। रिपोर्टों के अनुसार, 14 नवंबर को उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था। इसके बाद से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
एमके स्टालिन को हराकर आए थे चर्चा में
वीएस बाबू ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कोलाथुर सीट से जीत दर्ज कर सबका ध्यान खींचा था। उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन को 8,795 वोटों से हराया था। इस जीत के बाद उन्हें राजनीतिक गलियारों में ‘जायंट किलर’ कहा जाने लगा था।
DMK और AIADMK में भी रह चुके थे शामिल
वीएस बाबू का राजनीतिक सफर कई दलों से जुड़ा रहा। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत DMK से की थी। वर्ष 2006 में वे पुरासावलकम विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वे AIADMK में शामिल हुए। बाद में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK से जुड़ गए और पार्टी के संयुक्त महासचिव की जिम्मेदारी संभाली।
उनके निधन से TVK सहित तमिलनाडु के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है।


