Bollywood News: सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी… बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी का नाम

Bollywood News: सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी… बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी का नाम

मुंबई, 19 नवम्बर। Bollywood News: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आने के बाद मुंबई पुलिस जांच में जुट गई है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर ने दी है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है।

डिजिटल सबूतों की जांच कर रही पुलिस

सूत्रों के मुताबिक, सैफ अली खान को मिली धमकी के पीछे जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस धमकी से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि धमकी देने वाले व्यक्ति का बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी से कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल सैफ अली खान की ओर से इस मामले पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी मिली थी धमकी

इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरे संदेश मिलने के मामले सामने आए थे। इन मामलों की जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा कर कलाकारों को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की थी। हालांकि, शुरुआती जांच में उसके किसी गैंग से जुड़े होने के ठोस सबूत नहीं मिले थे।

AI की मदद से आवाज तैयार करने का शक

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तार वैभव मिश्रा पेशे से आईटी इंजीनियर है। पुलिस को संदेह था कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से आवाज तैयार कर धमकी भरे संदेश भेजे थे। बताया गया कि उसने इंटरनेट के जरिए कलाकारों के संपर्क नंबर जुटाए थे।

तुषार कपूर को भेजे गए कथित ऑडियो संदेश में पांच करोड़ रुपये की मांग की गई थी। संदेश भेजने वाले ने खुद को गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया था। हालांकि, पुलिस की ओर से कराई गई आवाज की जांच में ऑडियो का वॉयस सैंपल हैरी बॉक्सर की आवाज से मेल नहीं खाया था।

फिलहाल सैफ अली खान को मिली धमकी के मामले में मुंबई पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Breaking News