राजनांदगांव, 14 सितम्बर। Bee Attack: ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम घोंघेडबरी में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मधुमक्खियों के अचानक हमले के बाद जान बचाने के लिए भागे एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम भनपुरी निवासी माखन वर्मा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, माखन वर्मा अपनी बेटी बोधंतिन वर्मा के घर खेती के काम में मदद करने पहुंचे थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे वे अपनी बेटी और नातिन के साथ धान के खेत में खाद का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान पास के खेत में नीम के पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक मधुमक्खियां निकल आईं और तीनों पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों से बचने के लिए तीनों अलग-अलग दिशा में भागे। बोधंतिन और उनकी बेटी घायल हालत में गांव पहुंच गईं, लेकिन माखन वर्मा उनके साथ नहीं थे। ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने के बाद सरपंच सहित लोग खेत में उनकी तलाश के लिए पहुंचे।
तलाश के दौरान माखन वर्मा धान की फसल के बीच पानी में डूबे मिले। उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, माखन वर्मा की मौत मधुमक्खियों के डंक से हुई, पानी में डूबने से या किसी अन्य कारण से, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।


