नई दिल्ली, 11 सितम्बर। BRICS Summit: राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनका स्वागत किया।
BRICS सम्मेलन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा कारणों से 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली जिला पूरी तरह सील रहेगा। इस दौरान केवल स्थायी निवासियों और अधिकृत कार्य से जुड़े लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
सम्मेलन की सुरक्षा में 17 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें करीब 15 हजार पुलिसकर्मी और 2 हजार से अधिक अर्धसैनिक बल शामिल हैं। भारत मंडपम, प्रमुख होटलों और एयरपोर्ट समेत सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर डीसीपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती की गई है।
दिल्ली के बॉर्डर पर बढ़ाई गई निगरानी
BRICS सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली-हरियाणा और दिल्ली-उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले प्रमुख बॉर्डर पर भी पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। पश्चिमी, बाहरी, पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के प्रवेश मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस और यातायात पुलिस की तैनाती की गई है।
कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही है। सिंघु, औचंदी और टीकरी बॉर्डर पर भी अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर, चिल्ला, अप्सरा और भोपुरा बॉर्डर पर पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।
बदरपुर और कालिंदी कुंज में फिलहाल सामान्य आवाजाही जारी है, लेकिन प्रमुख प्रवेश मार्गों पर विशेष नाकाबंदी की तैयारी की गई है। सम्मेलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।


