रायपुर, 15 जुलाई। CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दौरान रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब पूरे देश में जनआंदोलन का रूप ले चुका है। यह केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी मां के नाम पर लगाया गया पौधा लोगों को उसकी देखभाल के लिए भावनात्मक रूप से प्रेरित करता है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते तापमान जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अभियान के विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस अवसर पर वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


