रायपुर, 25 अगस्त। Chhattisgarh BJP: छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में इन दिनों संभावित बदलाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव के हादसे के बाद स्वास्थ्य लाभ लेने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच संगठन में फेरबदल की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।
चर्चा है कि अगर किरणदेव पूरी तरह स्वस्थ होकर जल्द सक्रिय राजनीति में वापसी नहीं कर पाते हैं, तो भाजपा नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर विचार कर सकती है। हालांकि, भाजपा नेताओं ने फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की किसी भी संभावना से इनकार किया है।
‘एक व्यक्ति, एक पद’ पर भी चर्चा
संगठन में ‘एक व्यक्ति, एक पद’ की नीति को लेकर भी बदलाव की अटकलें हैं। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहीं सांसद रूपकुमारी चौधरी और राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी पाने वाले दीपक म्हस्के के प्रदेश पदों को लेकर भी पार्टी में चर्चा होने की बात सामने आ रही है।
एक उपाध्यक्ष का पद पहले से खाली
भाजपा संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष का एक पद पहले से रिक्त है। ऐसे में संगठन में संभावित फेरबदल को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। पार्टी फिलहाल किरणदेव की स्वास्थ्य स्थिति और उनकी राजनीतिक सक्रियता पर नजर बनाए हुए है।


