Chhattisgarh News: AIIMS में 100 रुपये देकर डेटिंग… बजरंग दल ने किया विरोध

Chhattisgarh News: AIIMS में 100 रुपये देकर डेटिंग… बजरंग दल ने किया विरोध

रायपुर, 19 नवम्बर। Chhattisgarh News: राजधानी रायपुर स्थित AIIMS कैंपस में प्रस्तावित स्पीड डेटिंग कार्यक्रम को लेकर विवाद शुरू हो गया है। ORIANA AIIMS RAIPUR के सोशल मीडिया पेज पर कार्यक्रम का प्रचार किया जा रहा है। इसमें 100 रुपये एंट्री फीस देकर डेटिंग राउंड में शामिल होने की बात कही गई है। कार्यक्रम की जानकारी सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने इसका विरोध शुरू कर दिया है।

बजरंग दल ने आयोजन को अश्लील बताते हुए कहा है कि इससे रायपुर की संस्कृति प्रभावित होगी। संगठन ने कार्यक्रम को तत्काल रद्द करने की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया है कि शहर में मुंबई और दिल्ली जैसी संस्कृति को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है।

क्या है स्पीड डेटिंग का फॉर्मेट?

आयोजकों के मुताबिक, यह कार्यक्रम 18 से 21 नवंबर तक सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक AIIMS की न्यू एडमिनिस्ट्रेशन बिल्डिंग में आयोजित होना प्रस्तावित है। इसमें 18 से 30 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकते हैं। इसके लिए मौके पर ही रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था रखी गई है।

कार्यक्रम के एक राउंड में 10 लड़के और 10 लड़कियां आमने-सामने बैठेंगे। प्रत्येक जोड़ी को बातचीत के लिए दो मिनट का समय दिया जाएगा। समय पूरा होने पर लड़के अगली लड़की के पास जाएंगे। इस तरह सभी प्रतिभागियों को एक-दूसरे से बातचीत करने का मौका मिलेगा।

राउंड खत्म होने के बाद हर प्रतिभागी अपनी पसंद के व्यक्ति का नाम एक चिट पर लिखेगा। सबसे ज्यादा नाम पाने वाले लड़के और लड़की को विजेता घोषित किया जाएगा। एक राउंड में शामिल होने के लिए 100 रुपये फीस तय की गई है। वहीं, अगले राउंड में शामिल होने के लिए अलग से भुगतान करना होगा।

फिलहाल AIIMS परिसर में प्रस्तावित इस कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। एक ओर आयोजकों की ओर से इसका प्रचार किया जा रहा है, तो दूसरी ओर बजरंग दल ने इसका विरोध करते हुए आयोजन रद्द करने की मांग उठाई है।

राज्य खबर