नेपाल, 04 सितम्बर। Nepal Flash Flood: नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण फ्लैश फ्लड के 9 दिन बाद राहत की बड़ी खबर सामने आई है। त्रिशूली-3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग से दो लोगों को जिंदा रेस्क्यू किया गया है। दोनों करीब 9 दिन से सुरंग के अंदर फंसे हुए थे।
रेस्क्यू किए गए लोगों की पहचान मैकेनिकल फोरमैन संजय साह और मैकेनिकल सुपरवाइजर कबीर महार्जन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू टीम को सुरंग के अंदर से आवाज सुनाई दी। इसके बाद टीम ने अभियान चलाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ग्लेशियर टूटने के बाद आई थी तबाही
26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर टूटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने बड़े इलाके में भारी तबाही मचाई थी। बाढ़ के साथ आए मलबे की चपेट में कई गांव, सड़कें, पुल और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट आ गए थे।
इस हादसे में कई लोग लापता बताए जा रहे हैं और सुरंगों में फंसे लोगों की तलाश के लिए राहत-बचाव अभियान जारी है। भारी मलबे और मुश्किल परिस्थितियों के कारण सुरंगों में रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
राहत के साथ पुनर्वास की चुनौती
बाढ़ से बड़ी संख्या में घर तबाह होने के बाद प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की चुनौती भी सामने है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, भारत भी नेपाल के राहत और बचाव अभियान में मदद कर रहा है।


