नई दिल्ली। Rakhi Ad Controversy: राखी के एक विज्ञापन को लेकर अभिनेत्री कृति सेनन विवादों में हैं। विज्ञापन में उनके पहनावे को लेकर सवाल उठे थे। बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी विज्ञापन पर आपत्ति जताई थी। अब इस विवाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भी एंट्री हो गई है।
राहुल गांधी ने कृति सेनन की पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए महिलाओं की पसंद का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कपड़ों और उनकी जिंदगी को लेकर ऑनलाइन पहरेदारी नहीं होनी चाहिए।
राहुल गांधी ने महिलाओं के पहनावे और उनकी निजी पसंद को लेकर ट्रोलिंग पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी अपनी पसंद है।
कंगना ने विज्ञापन पर उठाए थे सवाल
इससे पहले कंगना रनौत ने विज्ञापन को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने पूछा था कि राखी के मौके पर भाई को बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में राखी क्यों बांधी जाएगी।
वहीं, कृति सेनन ने विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि त्योहारों की खूबसूरती केवल कपड़ों में नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी भावनाओं और परंपराओं में होती है। उन्होंने महिलाओं को यह बताने वाली सोच पर भी सवाल उठाया कि उन्हें क्या पहनना चाहिए।
सोशल मीडिया पर फिर चर्चा में विज्ञापन
राहुल गांधी के समर्थन के बाद कृति सेनन का राखी विज्ञापन एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है। विवाद को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और महिलाओं की पसंद व पहनावे को लेकर बहस जारी है।


