रायपुर, 21 नवम्बर। Today Weather: छत्तीसगढ़ में नवंबर के महीने में ठंड बढ़ने के बजाय बारिश का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के कई इलाकों में बूंदाबांदी और बारिश दर्ज की गई है। समुद्री क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के असर से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
सात जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा जिले के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं, हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
चक्रवाती सिस्टम से बदला मौसम
मौसम में बदलाव की मुख्य वजह ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र के पास सक्रिय चक्रवाती सिस्टम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर को कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदल गया था। इसके उत्तर की ओर बढ़ने और आगे कमजोर होकर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 21 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में इन इलाकों में हुई बारिश
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। नया बाराद्वार में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं, बसना, छुरा, बागबाहरा और मालखरौदा में 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा सरायपाली, पिथौरा, सेवरीनारायण, कोमाखान, चंद्रपुर, बम्हनीडीह, महासमुंद, नवागढ़, गरियाबंद, गोबरा नवापारा, भोथिया, राजिम, हसौद और पलारी में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
सरगुजा में सबसे ज्यादा तापमान, पेण्ड्रा में सबसे कम पारा
तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में सरगुजा और अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में अंतर देखने को मिल रहा है।
बारिश से किसानों की बढ़ सकती है परेशानी
प्रदेश में धान खरीदी का सीजन चल रहा है। ऐसे में बारिश किसानों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। खेतों में तैयार फसल, कटाई के बाद रखा धान और खरीदी केंद्रों में पहुंच चुका अनाज बारिश से प्रभावित हो सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि खेतों में पानी जमा न होने दें और धान को भीगने से बचाने के लिए तिरपाल की व्यवस्था रखें।


