लखनऊ, 14 जुलाई । UP News: उत्तर प्रदेश की बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे परियोजना का सोमवार को लोकार्पण किया गया। उन्नाव के पड़री स्थित झाऊखेड़ा रेस्ट एरिया में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 63 किलोमीटर लंबा यह हाईस्पीड एक्सप्रेसवे आम जनता के लिए खोल दिया गया।
करीब 4,200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 6-लेन एक्सप्रेसवे के शुरू होने से लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा का समय ढाई से तीन घंटे के बजाय अब लगभग 30 से 45 मिनट रह जाएगा। इससे दोनों शहरों के बीच आवागमन तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक होगा।
उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर कहा कि बेहतर सड़कें केवल दूरी कम नहीं करतीं, बल्कि विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करती हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 4,850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया, जो प्रदेश की आधारभूत संरचना को नई मजबूती देंगे।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्सप्रेसवे का निरीक्षण भी किया। इसके बाद सरोजनीनगर में आयोजित समारोह में परियोजना का औपचारिक लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


