रायपुर, 14 जुलाई। MLA Purandar Mishra: रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने शिकायत दर्ज कराई कि 10 जुलाई को विधायक पुरंदर मिश्रा से संबंधित एक फेसबुक पोस्ट पर ‘ललित टांडी ललित’ नाम के फेसबुक अकाउंट से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस टिप्पणी के जरिए विधायक की प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 और 353(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की जांच के साथ-साथ अन्य संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। मामले की जांच जारी है।


