Weather News: देशभर फिर सक्रिय हुआ मानसून… यूपी-बिहार में बाढ़ से हालात गंभीर

Weather News: देशभर फिर सक्रिय हुआ मानसून… यूपी-बिहार में बाढ़ से हालात गंभीर

नई दिल्ली, 11 सितम्बर। Weather News: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यूपी में गंगा-यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां उफान पर हैं और 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं बिहार के 14 जिलों में करीब 44 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं।

यूपी में 26 जिले बाढ़ की चपेट में

उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के चलते गंगा और यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। राज्य के 26 जिलों में बाढ़ का असर है और 4 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। मिर्जापुर में पुल डूब गया है, जबकि फर्रुखाबाद में हाईवे पर पानी भरने से आवाजाही प्रभावित हुई है। उन्नाव में कई गांवों के लोगों को आने-जाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और कौशांबी समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई।

बिहार में 44 लाख लोग प्रभावित

बिहार में भी बाढ़ का संकट गंभीर बना हुआ है। राज्य की 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। 14 जिलों के 2,360 गांवों में करीब 44 लाख लोग प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण 27,954 लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है।

भागलपुर में बाढ़ का पानी तिलकामांझी विश्वविद्यालय परिसर तक पहुंच गया है। मुंगेर और नवगछिया के कई इलाकों में भी बाढ़ का पानी फैल रहा है।

MP में तीन दिन बाद फिर सक्रिय हुआ मानसून

मध्य प्रदेश में तीन दिन के ब्रेक के बाद मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, नर्मदापुरम और विदिशा में बारिश हुई है, जबकि दमोह में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

12 सितंबर से इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभाग में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम का असर मध्य भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है।

झारखंड और उत्तराखंड में भी बारिश का अलर्ट

झारखंड में नए मौसम सिस्टम के प्रभाव से बारिश का दौर बढ़ने की संभावना है। शुक्रवार को 8 जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

वहीं उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश की संभावना के बीच यलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

राजस्थान में 15 सितंबर तक बारिश के आसार

राजस्थान में भी बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम के असर से मानसून के फिर सक्रिय होने की संभावना है। शुक्रवार को 9 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में बारिश का दौर 15 सितंबर तक जारी रहने का अनुमान है।

हिमाचल में कमजोर पड़ा मानसून

हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मानसून कमजोर है। 3 से 10 सितंबर के बीच राज्य में सामान्य से 56 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान है।

मौसम