बिलासपुर, 06 सितम्बर। अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों और बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाले 23 संदिग्ध लोगों के दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और आसपास के पते दर्ज पाए गए। पुलिस सत्यापन में इनमें से कई पते सही नहीं मिले।
मामले की जांच के लिए बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संदिग्धों के दस्तावेजों में दर्ज पतों का मौके पर जाकर सत्यापन किया।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सूचीबद्ध कई पते गलत पाए गए या दस्तावेजों में दर्ज जानकारी वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाई। इसके बाद सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाले सभी 23 संदिग्धों को रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। यहां उनके दस्तावेज, पहचान और मूल निवास का विस्तृत सत्यापन किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राज्य शासन के निर्देश पर एसएसपी रजनेश सिंह ने संदिग्ध लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है। पुलिस की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि या बिना वैध दस्तावेजों के रहने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना पुलिस को दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया गया है।


