Bulldozer Action: कुशालपुर में निगम की बड़ी कार्रवाई…1500 वर्गफुट अवैध निर्माण हटाया गया

Bulldozer Action: कुशालपुर में निगम की बड़ी कार्रवाई…1500 वर्गफुट अवैध निर्माण हटाया गया

रायपुर, 08 जुलाई। Bulldozer Action: राजधानी रायपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। कुशालपुर रिंग रोड-1 स्थित एक व्यावसायिक भवन को निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 1500 वर्गफीट जमीन पर यह जी+1 (ग्राउंड प्लस वन) भवन बिना वैध अनुमति के बनाया गया था।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-5 नगर निवेश विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, भवन का निर्माण सुनील खंडेलवाल द्वारा बिना अनुमति कराया गया था। कार्रवाई से पहले नियमानुसार निर्माणकर्ता को नोटिस जारी किया गया था।

पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

जोन-5 कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह, नगर निवेश विभाग के उप अभियंता टिकेंद्र चंद्राकर और निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को हटाया गया।

अवैध प्लाटिंग पर भी निगम की कार्रवाई

नगर निगम ने इससे पहले भी अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की थी। पिछले सप्ताह जोन-10 नगर निवेश विभाग ने वार्ड-54 के बोरियाखुर्द क्षेत्र में करीब 2 एकड़ जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाई थी।

निगम की टीम ने मौके पर बनाई गई मुरम सड़क को जेसीबी से काटकर आवागमन बाधित किया था। साथ ही जमीन के वास्तविक मालिक और प्लाटिंग करने वालों की जानकारी जुटाने के लिए रायपुर तहसीलदार को पत्र भेजा गया है।

अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी रहेगी

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Breaking News