छत्तीसगढ़, 27 जुलाई। CG News: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राज्य के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है। रविवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ और बिलासपुर जिलों से दो दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं, जिसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
पहली घटना सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की है, जहां तेज बारिश के कारण उफान पर आए नाले को पार करने के दौरान एक कार तेज बहाव में बह गई। बताया जा रहा है कि नाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पानी के साथ बह गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और राहत दल ने बचाव अभियान शुरू कर दिया। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
वहीं, दूसरी घटना बिलासपुर जिले से सामने आई है। यहां उफनती अरपा नदी में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने नदी में शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक की मौत हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने और सावधानी बरतने की अपील की है।


