Chhattisgarh: मुंगेली कोर्ट में हंगामा… जज से की अभद्रता

Chhattisgarh: मुंगेली कोर्ट में हंगामा… जज से की अभद्रता

बिलासपुर, 18 नवम्बर। Chhattisgarh: जिला न्यायालय में सुनवाई के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक आरोपी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) सतीश कुमार खाखा के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें धमकी दे दी। आरोपी ने कटघरे से छलांग लगाकर जज के डायस तक पहुंचने और वहां लगे सुरक्षा कांच को झकझोरने की कोशिश की। घटना के बाद कोर्ट रूम में मौजूद वकीलों और पक्षकारों में दहशत का माहौल बन गया।

नाम पूछने पर भड़का आरोपी

जानकारी के मुताबिक, सरगांव थाना क्षेत्र में हुए हाइवा चोरी के मामले में आरोपी भगतराम राजपूत को अदालत में पेश किया गया था। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 189/26 और BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज है।

सुनवाई के दौरान CJM ने पहचान के लिए आरोपी से उसका नाम पूछा। इस पर वह भड़क गया और अभद्र लहजे में जवाब देते हुए कागजात पढ़कर नाम जानने की बात कहने लगा।

मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिसकर्मियों से भी उलझ गया। आरोप है कि उसने न्यायाधीश को धमकी दी और कटघरे से कूदकर डायस तक पहुंच गया। बीच-बचाव करने पहुंचे कोर्ट स्टाफ के साथ भी उसने गाली-गलौज की।

आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज, जेल भेजा गया

घटना के बाद न्यायालय के प्रस्तुतकार शत्रुहन बेलदान की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296, 351 और 3 के तहत मामला दर्ज किया।

सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि न्यायालय परिसर में इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्राइम न्यूज