कबीरधाम, 18 नवम्बर। CG News: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सरकारी राशि के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के दो विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ रहे एक कर्मचारी पर 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन का आरोप है। मामले में पिपरिया पुलिस ने आरोपी मनोज साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं करने का आरोप है। इस संबंध में सहायक अभियंता सुनील कुमार गुप्ता ने पिपरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
रवेली विद्युत वितरण केंद्र में 3.17 करोड़ का गबन
शिकायत के अनुसार, विद्युत वितरण केंद्र रवेली में सहायक ग्रेड-03 के पद पर कार्यरत मनोज साहू ने अपने कार्यकाल के दौरान कंपनी की 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये की राशि बैंक खाते में जमा नहीं की। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 127/2026 के तहत धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मरका केंद्र में भी 1.12 करोड़ की वित्तीय अनियमितता
जांच के दौरान विद्युत वितरण केंद्र मरका में भी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया। सहायक अभियंता संदीप कुमार सोनी की शिकायत के मुताबिक, यहां पदस्थापना और प्रभार के दौरान आरोपी ने 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं किए।
इस तरह दोनों विद्युत वितरण केंद्रों में कुल 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये की राशि के गबन का आरोप सामने आया।
पूछताछ के बाद आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जांच की गई। पिपरिया थाना प्रभारी नितिन तिवारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


