पटना, 21 नवम्बर। Bihar News: बिहार के पटना और वैशाली के बीच गंगा नदी पर बना कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल पूरी तरह तैयार हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर को इस पुल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे वैशाली में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
करीब 19.76 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन को आसान बनाएगा। खासतौर पर राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए इसे लाइफलाइन माना जा रहा है। पुल शुरू होने से लोगों को गंगा पार करने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा।
2012 में शुरू हुई थी परियोजना की कहानी
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल परियोजना की शुरुआत की कहानी साल 2012 से जुड़ी है। उस समय बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थे। सितंबर 2012 में इस परियोजना को मंजूरी दी गई। इसके बाद 2013 में इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की गई और पुल निर्माण की योजना को आगे बढ़ाया गया।
2014 में केंद्र से मिली मंजूरी
दिसंबर 2014 में केंद्र सरकार ने परियोजना को मंजूरी दी। इसी दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसके लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी किया। इसके बाद एशियाई विकास बैंक (ADB) से वित्तीय सहायता लेने की प्रक्रिया शुरू हुई।
2017 में शुरू हुआ था निर्माण कार्य
बिहार सरकार ने 2015 में परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दी। जुलाई 2015 में अंतरराष्ट्रीय निविदा प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद निर्माण एजेंसी के साथ अनुबंध किया गया। तमाम प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 16 जनवरी 2017 को पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ।
करीब 4,988 करोड़ रुपये की लागत
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 4,988.40 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसके निर्माण में एशियाई विकास बैंक और बिहार सरकार ने आर्थिक सहयोग दिया है। पुल को आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है।
19.76 किलोमीटर लंबा है नीतीश सेतु
पूरी परियोजना की लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है, जबकि गंगा नदी पर बने मुख्य पुल की लंबाई लगभग 9.76 किलोमीटर है। छह लेन वाला यह पुल पटना को उत्तर बिहार से बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करेगा।
करीब 14 साल पहले शुरू हुई इस परियोजना के पूरा होने से बिहार के परिवहन नेटवर्क को नई मजबूती मिलेगी। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों के लिए आवागमन आसान होगा।


