नई दिल्ली, 10 सितम्बर। BRICS Summit 2026: BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे की उम्मीद है। बीजिंग में चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से जल्द ही उनके भारत दौरे का आधिकारिक ऐलान किए जाने की संभावना है।
अगर दौरा तय होता है, तो शी जिनपिंग शनिवार दोपहर दिल्ली पहुंच सकते हैं। इसके बाद शाम करीब 6 बजे भारत मंडपम में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने की संभावना है। BRICS समिट के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित हो सकती है।
भारत और चीन के रिश्तों के लिहाज से मोदी और शी जिनपिंग की संभावित मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। यह करीब 7 साल बाद भारतीय जमीन पर दोनों नेताओं की द्विपक्षीय मुलाकात हो सकती है। गलवान झड़पों के बाद भारत में दोनों नेताओं की यह पहली द्विपक्षीय बैठक होगी।
12-13 सितंबर को BRICS समिट
भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस साल भारत BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। सम्मेलन में वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों के साथ राजनीतिक-सुरक्षा, आर्थिक और लोगों के बीच सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
शी जिनपिंग की पिछली भारत यात्रा अक्टूबर 2019 में हुई थी। उस दौरान उन्होंने तमिलनाडु के मामल्लापुरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दूसरे अनौपचारिक भारत-चीन शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था।


