CG Suspension News: 2.27 करोड़ का हिसाब नहीं देने पर अधिकारी निलंबित

CG Suspension News: 2.27 करोड़ का हिसाब नहीं देने पर अधिकारी निलंबित

नारायणपुर, 18 नवम्बर। CG Suspension News: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के स्वास्थ्य विभाग में सीएसआर मद की राशि के वित्तीय रिकॉर्ड में 2 करोड़ 27 लाख 73 हजार रुपये का अंतर सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने सहायक सांख्यिकी अधिकारी मनोज कुमार परते को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक के रिकॉर्ड में सामने आए इस अंतर को लेकर विभागीय जांच जारी है।

ऑडिट में सामने आया 2.27 करोड़ का अंतर

जानकारी के मुताबिक, संबंधित अधिकारी सीएसआर और डीएफ जैसी वित्तीय योजनाओं के प्रभारी थे। ऑडिट के दौरान खर्च की गई राशि से संबंधित लेजर, बैंक लेनदेन, बिल और वाउचर जैसे जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके बाद ऑडिट टीम ने मामले की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दी।

नोटिस के बाद भी नहीं मिले जरूरी दस्तावेज

बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी से कई बार पत्राचार और नोटिस के माध्यम से वित्तीय दस्तावेज मांगे गए थे। इसके बावजूद आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया।

तत्काल प्रभाव से किया गया निलंबित

इस मामले में बस्तर संभाग जगदलपुर के संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं की ओर से निलंबन आदेश जारी किया गया है। आदेश में सहायक सांख्यिकी अधिकारी मनोज कुमार परते के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3(1) के उल्लंघन का प्रथम दृष्टया मामला मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

कोंडागांव कार्यालय में रहेगा मुख्यालय

निलंबन अवधि के दौरान मनोज कुमार परते का मुख्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, जिला कोंडागांव निर्धारित किया गया है।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग में 2 करोड़ 27 लाख 73 हजार रुपये के वित्तीय अंतर का मामला चर्चा में है। विभागीय जांच के बाद ही इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और जिम्मेदारियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

राज्य खबर