रायपुर, 04 सितम्बर। CG Job: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में प्रदेश की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। सहकारिता विभाग ने पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्रों और उनसे जुड़ी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कुल 1,360 पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी है।
स्वीकृत पदों में जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के विभिन्न संवर्गों के 198 पद और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में समिति प्रबंधक के 1,162 पद शामिल हैं। समिति प्रबंधक के 1,162 पदों में 596 पद सीधी भर्ती और 566 पद सीमित चयन के जरिए भरे जाएंगे।
पांच क्षेत्रों में होगी भर्ती
भर्ती के लिए रायपुर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 508 पद, बिलासपुर में 444 पद, बस्तर-जगदलपुर में 187 पद, दुर्ग-राजनांदगांव में 154 पद और रायगढ़ में 67 पद स्वीकृत किए गए हैं।
बैंक संवर्ग में उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक समेत विभिन्न पद शामिल हैं।
युवाओं को रोजगार, किसानों को बेहतर सेवाएं
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भर्ती से प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और सहकारी बैंकों व समितियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। नए कर्मचारियों की नियुक्ति से किसानों और खाताधारकों को बैंकिंग सेवाएं अधिक सरल और समयबद्ध तरीके से मिल सकेंगी।
समिति प्रबंधकों की नियुक्ति से प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के दैनिक कामकाज, अभिलेख संधारण, वित्तीय प्रबंधन और सरकारी योजनाओं के संचालन में भी तेजी आने की उम्मीद है। इसके साथ ही समितियों के कम्प्यूटरीकरण और डिजिटल सेवाओं के विस्तार में भी मदद मिलेगी।
नियमों के तहत होगी भर्ती
भर्ती प्रक्रिया संबंधित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी सेवा नियम-2023, आरक्षण प्रावधानों और निर्धारित वित्तीय मानदंडों के अनुसार पूरी की जाएगी। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संभागीय संयुक्त पंजीयक को भर्ती एवं चयन समिति में अनिवार्य सदस्य बनाया जाएगा।


