Indore Crime News: लव मैरिज के 25 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

Indore Crime News: लव मैरिज के 25 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

इंदौर, 04 सितम्बर। Indore Crime News: इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में लव मैरिज के करीब 25 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गुरुवार को वंदना कुशवाह का शव घर के बाहर बनी पानी की हौज में मिला। पुलिस ने मामले में उसके पति उपेंद्र पटेल और जेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को हौज से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस को वंदना के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। ACP निधि सक्सेना के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

11 अगस्त को की थी लव मैरिज

पुलिस के अनुसार, उपेंद्र और वंदना पहले राऊ के नेहरू नगर में रहते थे। उपेंद्र की नशे की आदत को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। बाद में वंदना का परिवार राजनगर में किराए के मकान में रहने चला गया। इसी बीच 11 अगस्त को वंदना ने उपेंद्र के साथ लव मैरिज कर ली।

वंदना के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट चंदन नगर थाने में दर्ज कराई थी। बाद में पुलिस ने वंदना के बयान लिए। बालिग होने के कारण उसने उपेंद्र के साथ रहने की इच्छा जताई, जिसके बाद दोनों उपेंद्र के घर रहने लगे।

चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने दी सूचना

घटना वाले दिन दोपहर में पड़ोसियों ने घर से वंदना के चीखने की आवाजें सुनीं। कुछ देर बाद उपेंद्र घर से बाहर निकला तो पड़ोसियों ने उसकी शर्ट पर खून के निशान देखे। इसके बाद जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

क्राइम न्यूज