CG News: सुहेला को 459 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

CG News: सुहेला को 459 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

बलौदाबाजार, 20 नवम्बर। CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला में आयोजित विकास संकल्प तिहार में जिले को 459 करोड़ 45 लाख रुपए के 275 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 316 करोड़ 55 लाख रुपए के 178 कार्यों का भूमिपूजन और 142 करोड़ 90 लाख रुपए के 97 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ कर क्षेत्र के लोगों की करीब 20 साल पुरानी मांग भी पूरी की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने के साथ प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसके लिए गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं। इस दौरान 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति, महतारी वंदन योजना, चरण पादुका योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभ पहुंचाया गया है।

सुशासन के लिए शुरू हुई हेल्पलाइन और सेवा सेतु पोर्टल

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करना सुशासन की प्राथमिकता है। इसी दिशा में 24 घंटे संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है। इसके माध्यम से लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। वहीं सेवा सेतु पोर्टल पर करीब 700 सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का भी विस्तार हुआ है।

किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा धान का मूल्य

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता है। राज्य में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। कृषक उन्नति योजना में संशोधन कर कम उत्पादन की स्थिति में भी किसानों को 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से अंतर की राशि देने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही किसानों को दो साल का बकाया बोनस भी दिया गया है।

सुहेला में महाविद्यालय भवन के लिए 5 करोड़ की घोषणा

मुख्यमंत्री ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा की मांग पर सुहेला में कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें मांगलिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए, नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान, सुहेला तहसील के 20 स्कूलों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए और बलौदाबाजार में शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए शामिल हैं।

हितग्राहियों को बांटी गई सहायता सामग्री और चेक

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता सामग्री, चेक और प्रशस्ति पत्र वितरित किए। तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि के चेक दिए गए। किसानों को गेहूं और सरसों के बीज वितरित किए गए। वहीं पांच बच्चों को सुपोषण टोकरी, दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड और चश्मे वितरित किए गए। कौशल विकास विभाग के ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ कार्यक्रम के तहत जिले के 53 युवाओं को सम्मानित किया गया।

सड़क और सिंचाई परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख कार्यों का भूमिपूजन किया, उनमें 88 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग, 23 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से सुहेला तिराहा के तीन मार्गों पर डिवाइडर और प्रकाश व्यवस्था सहित सड़क निर्माण तथा हथबंद-जांगड़ा सड़क निर्माण शामिल हैं।

वहीं लोकार्पित कार्यों में 65 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण, 9 करोड़ 69 लाख रुपए की लागत से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण और मजबूतीकरण प्रमुख हैं। इसके अलावा पलारी में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन और ग्राम घुलघुल व मटिया में स्टॉपडेम का निर्माण भी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

राज्य खबर