रायपुर, 14 सितम्बर। Chhattisgarh: तारा कोल ब्लॉक की नीलामी को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन के ऐलान पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (CGMDC) की ओर से पहले ही पूरी जानकारी दी जा चुकी है। CGMDC ने प्रक्रिया में अलग-अलग पक्षों की भूमिका भी स्पष्ट कर दी है।
अरुण साव ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष लगातार झूठ और भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कोई भी सच्चाई स्वीकार नहीं होती।
सेवा संकल्प अभियान पर भी पलटवार
सेवा संकल्प अभियान को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भी उपमुख्यमंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों और आम लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसे कार्यक्रम पसंद नहीं आ रहे हैं, क्योंकि वह एक परिवार के इर्द-गिर्द राजनीति करती रही है।
गणेश पंडालों में व्यवस्था के निर्देश
गणेश उत्सव के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अरुण साव ने कहा कि अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि गणेश पंडालों में सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
सनातन धर्म के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
उपमुख्यमंत्री ने सनातन धर्म के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को सनातन धर्म के बारे में सीख देने की जरूरत नहीं है।
अरुण साव ने कहा कि “राम को काल्पनिक बताने वाले लोग सनातन की शिक्षा न दें।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन में है, जो सनातन धर्म का विरोध करते हैं।
साव ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति में तुष्टिकरण का प्रभाव रहा है और इसी वजह से वह सनातन धर्म से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाती है।


