सक्ती, 10 सितम्बर। CG Rural Development: छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास को लेकर 11 सितंबर 2026 को सक्ती जिले में बड़ा राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि-किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेशवासियों को विकास कार्यों की कई बड़ी सौगातें दी जाएंगी।
2 लाख परिवारों का होगा गृह प्रवेश
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत गृह प्रवेश समारोह होगा। करीब 2 लाख नवनिर्मित आवासों के हितग्राहियों को उनके पक्के घर की चाबी सौंपी जाएगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कई लाभार्थियों को मंच से ‘खुशियों की चाबी’ सौंपेंगे।
122 करोड़ से अधिक के 39 विकास कार्य
सक्ती जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 122 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें ग्रामीण सड़कों, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं, पंचायत भवनों और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं।
AI आधारित जियो-टैग प्रणाली की शुरुआत
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत AI आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली का शुभारंभ किया जाएगा। इससे आवास निर्माण की निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
दो नए अभियानों की शुरुआत
‘विकसित भारत-जी राम जी’ विजन के तहत ‘धार अपार अभियान’ और ‘सुघ्घर बाड़ी अभियान’ की शुरुआत भी होगी। धार अपार अभियान का फोकस जल संरक्षण और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर रहेगा, जबकि सुघ्घर बाड़ी अभियान के जरिए ग्रामीण परिवारों को घर के आसपास फल और सब्जियां उगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर का विमोचन किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि और आजीविका के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए ‘अथ उद्यम-आजीविका से उद्यमिता की ओर’ चैलेंज फंड इवेंट की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली रानी मिस्त्री, लखपति दीदियों और ड्रोन दीदियों को सम्मानित किया जाएगा।
वहीं पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली राज्य की 5 चुनिंदा पंचायतों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी
केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।
11 सितंबर का यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास, आवास, तकनीक और महिला सशक्तिकरण के लिहाज से छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


