रायपुर, 20 नवम्बर। Chhattisgarh: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ समारोह में प्रदेश को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। इनमें राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।
छत्तीसगढ़ को इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में भी दूसरा स्थान मिला है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राज्य की ओर से दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।
तीन नगरीय निकायों को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान
राज्य के तीन नगरीय निकायों ने भी अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में बड़े बचेली ने देश में पहला और दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला।
इस समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
CM साय और अरुण साव ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश को मिले इन पुरस्कारों पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पथ विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
वहीं, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही योजना
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें डिजिटल लेनदेन से जोड़ा जा रहा है। योजना का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।


