Chhattisgarh Assembly Mansoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज कांग्रेस लाएगी अविश्वास प्रस्ताव… साय सरकार को घेरेगा विपक्ष

Chhattisgarh Assembly Mansoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज कांग्रेस लाएगी अविश्वास प्रस्ताव… साय सरकार को घेरेगा विपक्ष

रायपुर, 14 जुलाई। Chhattisgarh Assembly Mansoon Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सियासी हलचल तेज रहने वाली है। कांग्रेस मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। राज्य गठन के बाद विधानसभा में यह 10वां अविश्वास प्रस्ताव होगा। हालांकि विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण प्रस्ताव के पारित होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

कांग्रेस ने अविश्वास प्रस्ताव के जरिए नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। वहीं भाजपा सरकार अपने विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक उपलब्धियों को आधार बनाकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देगी।

विधानसभा अध्यक्ष आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की तारीख तय करेंगे। चर्चा के बाद सदन में मतदान होगा। वर्तमान विधानसभा में भाजपा के 54 विधायक, कांग्रेस के 35 विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के एक विधायक हैं। ऐसे में संख्या बल सरकार के पक्ष में होने से प्रस्ताव के गिरने की संभावना अधिक मानी जा रही है।

सदन में प्रश्नकाल भी काफी अहम रहेगा। जल जीवन मिशन, रायपुर की पेयजल व्यवस्था, औद्योगिक दुर्घटनाओं की जांच, प्रदेश की शराब दुकानें, सरकारी आयोजनों में खर्च और प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

 

राज्य खबर