तीजन बाई श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी… गनियारी के लिए बदले मार्ग

तीजन बाई श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी… गनियारी के लिए बदले मार्ग

दुर्ग, 14 जुलाई। पद्मविभूषण से सम्मानित लोक कलाकार स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई के श्रद्धांजलि कार्यक्रम को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ग्राम गनियारी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वीआईपी, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू की गई है।

यातायात पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम स्थल के आसपास जाम की स्थिति से बचने के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। कुम्हारी की ओर से आने वाले वाहन चालक कुम्हारी चौक, कुगदा अंडरब्रिज, उरला, देवबलोदा और पार्थवी कॉलेज चौक (सिरसा कला) होते हुए गनियारी पहुंचेंगे।

वहीं उतई और सेलुद की ओर से आने वाले लोगों के लिए उतई या सेलुद से डुंडेरा और महका कला होते हुए गनियारी पहुंचने का मार्ग तय किया गया है। अमलेश्वर की ओर से आने वाले वाहन चालक अमलेश्वर, मोतीपुर, औरी और आऊंधी मार्ग का उपयोग कर कार्यक्रम स्थल पहुंच सकेंगे।

यातायात पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की भी विशेष व्यवस्था की है। लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने और समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने के लिए घर से पहले निकलने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की भी अपील की है, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

राज्य खबर