गरियाबंद, 18 नवम्बर। Chhattisgarh News: उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यप्राणी के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सामान्य लंगूर (बंदर) के शिकार के मामले में फरार चल रहे ओडिशा के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इससे पहले इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। अब मामले के सभी सात आरोपी जेल में हैं।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को टाइगर रिजर्व के तौरेंगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत गरीबाबा आरक्षित वन क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 1200 में दो मादा लंगूरों का अवैध शिकार किया गया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 13.800 किलोग्राम कच्चा मांस, एक कुल्हाड़ी, चार छुरी, एक पनसुल, चार पीले थैले और एक मोटरसाइकिल जब्त की थी।
इस मामले में वन विभाग ने 26 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार चल रहे चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
ओडिशा जाकर वन विभाग ने की गिरफ्तारी
फरार आरोपियों की तलाश में वनक्षेत्रपाल केजूराम कोरचे ओडिशा पहुंचे और चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके बाद 17 नवंबर को उन्हें गरियाबंद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी ओडिशा के नबरंगपुर जिले की रायघर तहसील क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया है।


