रायपुर, 18 नवम्बर। CM House Diwali Celebration: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवा रायपुर स्थित निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भारतीय जनता पार्टी के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा। समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य गठन से लेकर अब तक संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने वाले पुराने और नए साथियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने सभी से आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
समारोह की खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री स्वयं अलग-अलग टेबलों पर पहुंचे और नेताओं व कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना। लंबे समय बाद मिले पुराने सहयोगियों ने संगठन में साथ काम करने के दिनों की यादें साझा कीं। इस दौरान संगठन की पुरानी गतिविधियों और राजनीतिक सफर से जुड़ी स्मृतियां भी ताजा हुईं।
कार्यक्रम में प्रदेश के वर्तमान और पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, भाजपा के प्रदेश और जिला पदाधिकारी, निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, महापौर, जिला पंचायतों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे नेताओं ने भी समारोह में शिरकत की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन को आज इस मुकाम तक पहुंचाने में कई पीढ़ियों के कार्यकर्ताओं की मेहनत, त्याग और समर्पण का योगदान है। उन्होंने कहा कि पूर्व में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके वरिष्ठ साथियों का अनुभव और मार्गदर्शन संगठन की अमूल्य पूंजी है। वरिष्ठों के अनुभव और नई पीढ़ी की ऊर्जा से संगठन लगातार मजबूत होता है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर भोजन भी किया। उनकी सहजता और आत्मीय व्यवहार से कार्यक्रम में पारिवारिक माहौल देखने को मिला। पुराने और वर्तमान पदाधिकारियों की एक साथ मौजूदगी ने आयोजन को संगठन के पुनर्मिलन का विशेष अवसर बना दिया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उच्च शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, लता उसेंडी, सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा, ईश्वर साहू, रोहित साहू सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


