Hanuman Ansh Movie: आज ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखेंगे CM विष्णु देव साय

Hanuman Ansh Movie: आज ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखेंगे CM विष्णु देव साय

रायपुर, 10 सितम्बर। Hanuman Ansh Movie: 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर लगातार चर्चा में है। महज करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी लागत से कई गुना ज्यादा कमाई कर ली है। फिल्म की सफलता को देखते हुए अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी आज शाम ‘हनुमान अंश’ देखने जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री जोरा मॉल में फिल्म देखेंगे। उनके साथ प्रदेश के कुछ मंत्री भी फिल्म देखने पहुंच सकते हैं। फिल्म की लगातार बढ़ती लोकप्रियता के बीच इसे छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री किए जाने की संभावना की भी चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म

‘हनुमान अंश’ श्रद्धेय संत नीम करोली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक साधना और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट भक्ति को केंद्र में रखकर बनाई गई है। फिल्म का निर्देशन और लेखन विशाल चतुर्वेदी ने किया है, जबकि मुख्य भूमिका में शोभिनव नजर आ रहे हैं।

फिल्म की टीम हाल ही में लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात कर चुकी है। इस दौरान निर्माताओं और कलाकारों ने फिल्म की कहानी और उसकी आध्यात्मिक पृष्ठभूमि के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी।

दुनियाभर में 150 करोड़ से ज्यादा की कमाई

कम बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्मों को चुनौती दी है। फिल्म की दुनियाभर में कमाई 150 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। यही वजह है कि फिल्म लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।

Trending