Jashpur: छठ महापर्व पर कुनकुरी को मिली विकास कार्यों की सौगात… तालाब का होगा सौंदर्यीकरण

Jashpur: छठ महापर्व पर कुनकुरी को मिली विकास कार्यों की सौगात… तालाब का होगा सौंदर्यीकरण

जशपुर, 16 नवम्बर। Jashpur: छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुनकुरी वासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत कुनकुरी में करीब 15 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें छठ तालाब का कायाकल्प और मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण शामिल है।

छठ तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण पर कुल 12 करोड़ 6 लाख रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। इसके तहत 6 करोड़ 89 लाख 61 हजार रुपये की लागत से तालाब का रिज्युविनेशन और 5 करोड़ 17 लाख 2 हजार रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। तालाब परिसर में पाथ-वे, बच्चों के लिए खेल मैदान और योगाभ्यास के लिए स्थान विकसित किया जाएगा। इससे धार्मिक गतिविधियों के साथ ही लोगों को घूमने-फिरने और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इसके अलावा नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक-1 में 3 करोड़ 65 लाख 3 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन बनाया जाएगा। इससे नगरवासियों को सामाजिक समारोहों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। छठ तालाब के विकास से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहरों में बुनियादी सुविधाओं के साथ स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल विकसित करना है।

इन विकास कार्यों से कुनकुरी की सुंदरता बढ़ने के साथ ही सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

राज्य खबर