रायपुर, 19 नवम्बर। Mahadev Betting Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच अब कथित प्रोटेक्शन मनी और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क पर केंद्रित हो गई है। कस्टोडियल रिमांड के दौरान सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में एबिक्स कंपनी की खरीद और पैसों के लेन-देन को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है।
जांच के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर ने कथित तौर पर बताया कि एबिक्स कंपनी विकास गर्ग से खरीदी गई थी। आरोप है कि इस कंपनी समेत दूसरी फर्मों के जरिए अवैध कमाई को निवेश के रूप में दिखाया जाता था। इसके बाद रकम को एक कंपनी से दूसरी कंपनी में ट्रांसफर कर पैसों के असली स्रोत को छिपाने की कोशिश की जाती थी।
इस मामले में हर महीने करीब एक करोड़ रुपये की कथित प्रोटेक्शन मनी दिए जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हर 15 दिन में 50 लाख रुपये का भुगतान किया जाता था। ED अब इस रकम के कथित लाभार्थियों और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
वहीं, रायपुर की पीएमएलए कोर्ट ने फरार आरोपी अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। ED ने दोनों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने के लिए भी आवेदन दिया है। दूसरी ओर, विशाल आहुजा के भाई धीरज आहुजा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। आरोप है कि उसने सौरभ चंद्राकर की करीब 200 करोड़ रुपये की शादी में मेहमानों की बुकिंग का जिम्मा संभाला था।
इधर, सौरभ चंद्राकर की कस्टोडियल रिमांड 19 नवंबर को समाप्त हो रही है। ऐसे में आज उसे विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। अब इस मामले में ED की पूछताछ और अदालत की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।


