कोटा, 22 नवम्बर। Rajasthan Accident News: राजस्थान के कोटा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। हादसा शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, क्रूजर गाड़ी में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 15 लोग सवार थे। सभी राजस्थान में खाटू श्यामजी के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शंभूपुरा गांव के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में 9 की मौत, 6 लोग घायल
इस दुर्घटना में उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सान्वी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल, जाह्नवी और माधवी की मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल छह लोगों को एंबुलेंस की मदद से न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताई जा रही है। आशंका है कि रात में वाहन चलाते समय चालक को झपकी आ गई, जिससे क्रूजर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।


