करौली, 23 जुलाई। Road Accident News: राजस्थान के करौली जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के बाद तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, वही तीसरे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान मैग्जीन क्षेत्र के पास गाय को बचाने की कोशिश में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से जा टकराई। हादसे में भीमनगर निवासी आशीष, धौलपुर निवासी पवन कश्यप और करौली निवासी हर्ष कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने बताया कि पवन और आशीष मासलपुर चुंगी स्थित स्विमिंग पूल में नहाने का कार्यक्रम बनाकर घर से निकले थे। इसके बाद दोनों गुलाब बाग स्थित एक होटल पहुंचे, जहां उन्होंने हर्ष को छुट्टी दिलाकर अपने साथ ले लिया। तीनों ने दिनभर साथ में समय बिताया और शाम को घर लौटते समय उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। पवन फूड डिलीवरी का काम करता था, हर्ष एक होटल में कार्यरत था और आशीष एक दुकान पर काम करता था। तीनों आपस में रिश्तेदार होने के साथ अच्छे दोस्त भी थे। पवन ने दो महीने पहले ही नई बाइक खरीदी थी। तीनों दिनभर घूमने-फिरने के बाद शाम को घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना पर करौली कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेशचंद मीणा और पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम ने भी अस्पताल और घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


