मुंबई, 23 जुलाई। Salman Khan: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने पेपर लीक के मुद्दे को गंभीर बताते हुए छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि छात्रों का आंदोलन शांतिपूर्ण था और इसे हिंसक होते देख उन्हें काफी दुख हुआ। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
सलमान खान ने लिखा कि उन्हें यह देखकर खुशी है कि देश के बच्चे बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता ने भी उनका साथ दिया है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने अपने भविष्य और एक बेहतर, शिक्षित भारत के निर्माण के लिए जिस समर्पण, ईमानदारी और कड़ी मेहनत के साथ अपनी आवाज उठाई है, वह प्रशंसनीय है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रति प्रेरित और उत्साहित यह पीढ़ी भारत का नाम रोशन करेगी। छात्रों ने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी है, जो सराहनीय है।
सलमान खान ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि पेपर लीक का मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। इस आंदोलन का श्रेय केवल छात्रों को ही मिलना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार भी छात्रों को पूरा समर्थन देगी और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगी।
अपने संदेश के अंत में सलमान खान ने लिखा कि शिक्षा ही अगला ट्रेंड और फैशन होना चाहिए। उन्होंने कामना की कि भारत एक ऐसा शिक्षा केंद्र बने, जहां दूसरे देशों से भी छात्र पढ़ाई के लिए आएं और देश वैश्विक स्तर पर एजुकेशन हब के रूप में पहचान बनाए।


