Naveen Patnaik Foreign Trips: ओडिशा के पूर्व CM नवीन पटनायक के विदेश दौरों की होगी जांच

Naveen Patnaik Foreign Trips: ओडिशा के पूर्व CM नवीन पटनायक के विदेश दौरों की होगी जांच

भुवनेश्वर, 22 नवम्बर। Naveen Patnaik Foreign Trips: ओडिशा की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की विदेश यात्राओं को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने वर्ष 2022 से 2024 के बीच हुई विदेश यात्राओं की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के दायरे में सेवानिवृत्त IAS अधिकारी वी.के. पांडियन और IPS अधिकारी रवि कांत की विदेश यात्राएं भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव वित्तीय वर्ष 2022-23 और 2023-24 के दौरान जापान और इटली की यात्राओं की जांच करेंगे। सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मिले दस्तावेजों के आधार पर कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इन दौरों के खर्च और उनसे जुड़ी जानकारियों पर सवाल उठाए थे। साथ ही यात्रा से संबंधित जानकारी गोपनीय रखने को लेकर भी आरोप लगाए गए हैं।

BJD ने किया जांच का स्वागत, रखी नई मांग

जांच के आदेश के बाद विपक्षी बीजू जनता दल (BJD) ने फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, पार्टी ने मांग की है कि जांच केवल पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की विदेश यात्राओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। BJD ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उनके मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की विदेश यात्राओं को भी जांच के दायरे में शामिल करने की मांग की है।

नवीन पटनायक ने की थीं दो आधिकारिक विदेश यात्राएं

BJD नेता लेनिन मोहंती ने दावा किया कि नवीन पटनायक ने अपने कार्यकाल के दौरान आधिकारिक तौर पर दो विदेश यात्राएं की थीं। जून 2022 में इटली दौरे के दौरान उन्होंने विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) से जुड़े एक आयोजन में हिस्सा लिया था। वहीं, अप्रैल 2023 में जापान यात्रा का उद्देश्य ओडिशा में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देना था।

फिलहाल सरकार की ओर से जांच के आदेश दिए जा चुके हैं। अब जांच में विदेश यात्राओं पर हुए खर्च, उनसे जुड़ी जानकारियों और कथित अनियमितताओं की वास्तविकता सामने आने का इंतजार है।

National