रायपुर, 17 नवम्बर। CG Practical Exam: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षा एवं प्रायोजना कार्य की तिथियां घोषित कर दी हैं। जारी सूचना के अनुसार, दोनों कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाएं और प्रायोजना कार्य 1 जनवरी 2027 से 20 जनवरी 2027 तक आयोजित किए जाएंगे।
मंडल के निर्धारित कार्यक्रम के तहत संबंधित विद्यालयों में विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं और प्रायोजना कार्य संपन्न कराए जाएंगे। इसके लिए स्कूलों को तय समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।

विद्यार्थियों को समय पर तैयारी करने की सलाह
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अपनी प्रायोगिक परीक्षाओं और प्रायोजना कार्य की तैयारी समय रहते पूरी कर लें। परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी और निर्धारित कार्यक्रम के लिए विद्यार्थी अपने-अपने विद्यालयों से संपर्क कर सकते हैं।
मंडल ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए इस सूचना को समाचार पत्रों में निःशुल्क प्रकाशित करने का अनुरोध भी किया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक परीक्षा की जानकारी पहुंच सके।


