Chhattisgarh: जंगल से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला… थाना प्रभारी समेत 4 घायल

Chhattisgarh: जंगल से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला… थाना प्रभारी समेत 4 घायल

गरियाबंद, 20 नवम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के करका जंगल में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला कर दिया गया। अतिक्रमणकारियों के विरोध के दौरान हुई हिंसक झड़प में खल्लारी थाना प्रभारी समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त टीम करका जंगल के आरसीकन्हार रेंज में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इस अभियान में महिला वनकर्मियों ने भी हिस्सा लिया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया। वहीं, जंगल में आग लगाने की कोशिश को भी टीम ने नाकाम कर दिया और कब्जाधारियों को मौके से हटाया।

10 साल में 22 से बढ़कर 102 हेक्टेयर हुआ अतिक्रमण

वन विभाग के सर्वे में जंगल की जमीन पर तेजी से बढ़ते अतिक्रमण का खुलासा हुआ है। विभाग के अनुसार, साल 2016 में करीब 22 हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जा था, जो 2026 तक बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और ड्रोन सर्वे के आधार पर यह आकलन किया गया है।

विभाग का दावा है कि इस दौरान करीब 1.25 लाख पेड़ों को काटा गया या उन्हें नुकसान पहुंचाया गया। जंगल में पेड़ों को सुखाने के लिए उनके तनों की छाल चारों ओर से हटाने यानी गर्डलिंग की तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया।

तीन आरोपी हिरासत में

टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि मामले में श्यामलाल, देवलाल नेताम और योगेश कुमार को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

राज्य खबर