रायपुर, 20 नवम्बर। Yogi Adityanath Mother Death: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें सांत्वना दी।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सावित्री देवी के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
CM विष्णु देव साय ने भी जताया दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा होता है। उनका निःस्वार्थ प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती।
सीएम साय ने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


